कुप्रचार से संघ नेतृत्व व्यथित
प्रशांत सिंह, बिहारशरीफ। महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ [आरएसएस] का हवाला देकर हो रहे कुप्रचार से सोमवार को शिखर नेतृत्व व्यथित दिखा। राजगीर में संघ के प्रचार प्रमुख मनमोहन वैद्य के अनुसार, महाराष्ट्र चुनाव के मद्देनजर साजिश के तहत यह अफवाह फैलाई गई है कि संघ ने अपने कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों को भाजपा को वोट देने की अनिवार्यता से मुक्त कर दिया है। साथ ही उन्हें स्वेच्छापूर्वक मतदान करने का निर्देश दिया है। वैद्य ने कहा कि संघ पूरी तरह से भाजपा के साथ खड़ा है, इस बारे में किसी को भ्रम नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनावों में हम भाजपा की जीत देखना चाहते हैं। राजगीर के हसनपुर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर परिसर में तीन दिनों तक चली राष्ट्रीय कार्यकारी मंडल की बैठक की समाप्ति के बाद सोमवार को संघ की अनुषंगी इकाइयों के तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता लौट गए। अब केवल महत्वपूर्ण नेता ही राजगीर में हैं। सोमवार को सरसंघ चालक मोहन भागवत ने बैठक में पारित प्रस्तावों के बारे में क्षेत्र प्रचारकों से विचार-विमर्श किया। संघ नेतृत्व पूरे दिन पारित प्रस्तावों के मद्देनजर किसी ठोस निर्णय पर पहुंचने का प्रयास करता रहा। भागवत मंगलवार को प्रांत प्रचारकों के साथ बैठक करेंगे। सूत्रों के अनुसार मंगलवार देर शाम ही सरसंघ चालक सहित अन्य पदाधिकारी व प्रमुख स्वयंसेवक राजगीर से लौट जाएंगे। संघ व अनुषंगी संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बैठक की निर्धारित तिथि 9 अक्टूबर से दो दिन पहले ही राजगीर पहुंच गए थे। 11 अक्टूबर को बैठक समापन के तुरंत बाद सभी वापस लौट गए। वहीं वरिष्ठ पदाधिकारी व प्रमुख कार्यकर्ता बैठक शुरूआत की पूर्व संध्या पर राजगीर पहुंचे और सबसे आखिर में 13 अक्टूबर की शाम को लौटेंगे।
www.jagran.com
0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें