संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक 9 अक्तूबर से

नई दिल्ली : मोहन भागवत के हाथों में संघ की कमान आने के बाद बिहार के राजगीर में 9 अक्तूबर से 11 अक्तूबर तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी मंडल की महत्वपूर्ण बैठक हो रही है, जिसमें वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी हिस्सा लेंगे।

बैठक में संघ के सभी सहयोगी संगठनों के साथ भाजपा के हालात पर भी चर्चा होगी। मोहन भागवत के सरसंघ चालक बनने के बाद यह आरएसएस के अखिल भारतीय कार्यकारिणी मंडल की पहली बैठक है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मीडिया प्रभारी वागीश ने कहा कि संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी मंडल की बैठक में संघ के प्रचारकों के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे। इसमें सरसंघचालक, संघ प्रचारक, सभी कार्यवाहकों के अलावा अन्य संगठनों के 350 सदस्य शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस बैठक में तमाम सहयोगी संगठनों के साथ साथ भाजपा के हालात पर भी चर्चा होगी। इसमें संघ के कार्य के बारे में भविष्य का खाका तय किया जायेगा।

संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी मंडल की बैठक वैसे तो 9 अक्तूबर से 11 अक्तूबर तक चलेगी लेकिन अन्य बैठकों का सिलसिला छह अक्तूबर से ही शुरू हो जायेगा। वागीश ने कहा कि इस बैठक में विश्व हिन्दू परिषद, किसान संघ, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, वनवासी कल्याण संस्थान जैसे सहयोगी संगठन हिस्सा लेंगे।

राजगीर में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में देश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति के साथ संघ के भविष्य की रणनीति के बारे में चर्चा होगी। इसमें संघ की भूमिका के बारे में भी चर्चा हो सकती है। सूत्रों ने बताया कि इस बैठक में देश के आंतरिक हालात एवं बाह्य खतरों पर भी चर्चा हो सकती है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार को विजयदशमी संबोधन में कहा था कि हमारे समक्ष सबसे बड़ी चुनौती बाह्य एवं आंतरिक सुरक्षा से संबंधित है। पाकिस्तान, चीन और बांग्लादेश क्या कर रहा है, यह सभी लोगों को मालूम है। इन देशों की और से उठाए गए कदमों के कारण अंतरराष्ट्रीय सीमा पर हमारी सुरक्षा पर प्रश्न खड़ा हो गया है, लेकिन हमारी ओर से जो कदम उठाए जाने चाहिए- वह देखने को नहीं मिले हैं। इस बैठक में हालांकि 39 क्षेत्रों के 350 सदस्य हिस्सा लेंगे लेकिन वरिष्ठ भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी के भाग लेने की संभावना नहीं है।

बैठक तीन स्तरों पर होगी जिसमें पहले अखिल भारतीय अधिकारी, फिर प्रांत अधिकारियों की बैठक होगी और इसके बाद सामूहिक बैठक होगी। 11 अक्तूबर को बैठक की समाप्ति पर सह सरसंघ चालक भैय्या जी जोशी प्रेस को संबोधित करेंगे।

0 टिप्पणियाँ:

Related Posts with Thumbnails

Blog Archive

  © Blogger templates The Professional Template by Ourblogtemplates.com 2008

Back to TOP