दान-पुण्य के साथ खेल और मौज-मस्ती

मकर संक्राति का पर्व पर बुधवार को धूमधाम और परंपरागत तरीके से मनाया गया। दिनभर लोग दान-पुण्य के साथ खेल और मौज-मस्ती में व्यस्त रहे। शहर सहित जिलेभर में गली-मोहल्लों और पार्कों में बच्चे और बड़े सभी एक साथ सितोलिया और गिल्ली डंडा खेलते रहे। कई जगहों पर लोग पतंग उड़ाते रहे। मकर संक्रांति के पर्व पर लोगों ने गायों को हरा चारा, गरीबों एवं निशक्तजनों को वस्त्र, अनाज आदि दान दिया।

मकर संक्रांति के पर्व पर घरों में तिल के व्यंजन एवं खीच बनाया गया। जिलेभर के मंदिरों में सुबह से ही भगवान के दर्शनार्थ श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। गौशालाओं में दिनभर गायों को चारा खिलाने वाले आते रहे। शहर में गोशाला सहित विभिन्न चौराहों पर हरा चारा बेचने वाले चारा बेच रहे थे। बाजार में तिल्ली, गजक, रेवड़ी आदि बेचने वालों की दुकानों की ज्यादा भीड़ थी। वहीं महिलाओं ने गाय का पूजन कर चारा खिलाया। शहर के विभिन्न गली मोहल्लों, पार्कों एवं सड़कों पर लोग दिनभर सितोलिया, गिल्ली डंडा, क्रिकेट आदि खेलते रहे।

इधर श्रीयोग वेदांत सेवा समिति की ओर से गांधीनगर कच्ची बस्ती में ऊनी वस्त्रों का वितरण जरूरतमंदों में किया गया। तिल के लड्डू भी बांटे गए। समिति सदस्य राजेश गोठवाल ने यह जानकारी दी। पन्नाधाय कालोनी स्थित नवकार प्रोफेशन एकेडमी पर विशेष कार्यक्रम हुए। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लिया। निदेशिका प्रिया दोशी ने बताया कि सीए नीरव दोशी की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में खेलकूद को जीवन में विद्यार्थी व मानव जीवन में अनिवार्यता पर जोर दिया। नीलेश जैन, भरत सिंघवी, प्रियंका बसेर, दीपक पामेचा, पुनीत पारीक आदि ने विचार रखे। संचालन एमसीए विनिता जैन ने किया। कुंभानगर स्थित श्रीकालिका ज्ञान केन्द्र मावि में मेहंदी प्रतियोगिता हुई। प्रधानाचार्य अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि प्रतियोगिता के निर्णायक अध्यापक मुकेश गर्ग, मुकेश खटीक, शिवलाल, अनिता शर्मा थे। प्रथम स्थान पर आम्रपाली टांक, द्वितीय खुश्बू शर्मा व तृतीय प्रीति छीपा रहे। विद्यालय संचालक जितेश श्रीवास्तव ने पुरस्कार दिए।

जिला माहेश्वरी महिला संगठन ने मकर संक्रांति की पूर्व संध्या पर चंदेरिया स्थित श्री सांवलियाजी बहुद्देशीय विकलांग विद्यालय में बच्चों को भोजन कराया। संगठन की अध्यक्ष चंदा नामधर ने बताया कि कार्यक्रम में संगठन की पूर्व अध्यक्ष प्रेमदेवी मानधना, सरस्वतीदेवी रांधड़, कृष्णा समदानी, इन्दुबाला भंडारी, कमला जाजू, शांता राठी, जया तोषनीवाल, मंजू तोषनीवाल, गीता खटोड़, सुमन हेड़ा, कौशल्या आगाल, रिंकु खटोड़, मीना भंडारी, गुण कंवर, रामजानकी सहित कई महिलाएं उपस्थित थीं।

निकुंभ. कस्बे सहित आस-पास के गांवों में मकर संक्रांति का पर्व धूमधाम से मनाया गया। गांवों में सुबह से ही दान-पुण्य व गायों को चारा डाला गया। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की गई।

चिकारड़ा. कस्बा क्षेत्र मकर सक्रांति पर्व दान, पुण्य, पूजा पाठ, खेलकूद हुए। परिवारों में दुधिया खींच, तिल के लड्डू, पकोडे, बनाए गए। महावीर गोपाल गोशाला में गायों को पोषाहार खिलाया गया।

बस्सी. गोपूजन कर गायों को चारा, रजका, गुड़ खिलाया। घरों में व्यंजन बनाए गए। इधर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्यो के लिए घर-घर जाकर दान मांगा। धन संग्रह के लिए श्रीराम काकानी, कालूसिंह, ब्रजेशसिंह, सी.पी. नामधरानी, ऊंकारलाल टेलर, जगदीश भांड, मुेश जागेटिया आदि ने सहयोग किया। कनेरा क्षेत्र में भी स्वयंसेवक संघ कार्यकर्ताओं ने सेवा प्रमुख रोशनलाल जैन के नेतृत्व में मेलाना, लुणखंदा, कनेरा बांगेड़ा, बड़ावली आदि जगहों पर धन संग्रह किया।

सामूहिक सूर्य पूजा की

बड़ीसादड़ी. मकर संक्रांति पर नाहरजी का खेड़ा रोड़ स्थित आलोक प्रोसेसिंग प्लांट पर सामूहिक स्तर पर सूर्य पूजा की गई। वैद्य डूंगेश्वर दवे के सान्निध्य में गुरुवार सुबह सात बजे मंत्रोच्चार के साथ सूर्य पूजा का कार्यक्रम शुरू हुआ। दवे ने बताया कि सूर्य पूजा दान, तप व योग के बल से हम आयु, बल व ज्ञान की वृद्धि कर सकते हैं।

दिनभर चलते रहे खेल

सांवलियाजी. मकर संक्रांति को त्यौहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। घरों में तिलों के पकवान, खिचड़ा, लड्डू-पपड़ी आदि बनाकर भगवान को भोग लगाया। वहीं गायों व गरीबों को दान-पुण्य किया गया। बच्चों ने मारदड़ी, सितोलिया व क्रिकेट आदि खेलों को आनंद लिया। इधर कस्बे में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यों का प्रचार करते हुए संघ के कार्यकर्ता सत्यनारायण शर्मा, मोतीलाल तिवारी, श्रीलाल गुर्जर, संजय सेन आदि ने चंदा एकत्र किया।

पकौड़ी व खीर के लंगर लगाए

गंगरार. मकर संक्रांति के पर्व पर गायों को चारा, तिल व गुड़ खिलाया गया। जगह-जगह चारों के ढऱे लगाए गए एवं निर्धन लोगों को वस्त्र आदि वितरित किए गए। सुहागिन महिलाओं ने अमर सुहाग की कामना करते हुए १३-१३ वस्तुओं का दान किया। बच्चों को खिलौने वितरित किए गए। हर वर्ष की तरह जगह-जगह खीर व पकौड़ी के लंगर लगाए गए। बाजार में दिनभर आते-जाते राहगीरों को खीर व गर्म पकौड़ी वितरित की गई।

स्वयंसेवकों ने दी शुभकामनाएं

बिनोता. कस्बे सहित रानीखेड़ा गांव में मकर संक्रांति पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कार्यकर्ताओं ने कस्बे के प्रत्येक घर में जाकर मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दी तथा जरूरतमंदों की सेवार्थ धन संग्रह किया गया। रानीखेड़ा में भी स्वयंसेवकों ने धन संग्रह किया। रानीखेड़ा में भी स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर धन संग्रह किया। धन संग्रह से एकत्र राशि जरूरतमंदों के हितार्थ शिक्षा, सेवा, संस्कार, गोसेवा, वनवासी कल्याण, बाल संस्कार, चिकित्सा तथा आपदा प्रबंधन जैसे प्रकल्पों के संचालन में उपयोगी रहेगी। मकर संक्रांति पर कस्बे की महिलाओं ने नई आबादी क्षेत्र से चारभुजा मंदिर तक कलश यात्रा निकाली। इस दिन व्रत-उपवास का उद्यापन किया गया।



0 टिप्पणियाँ:

Related Posts with Thumbnails

Blog Archive

  © Blogger templates The Professional Template by Ourblogtemplates.com 2008

Back to TOP