चित्तौरा झील के तट पर सुहेलदेव विजयोत्सव आज से

बहराइच, 8 मई : सुहेलदेव विजयोत्सव नौ मई से प्रारंभ हो रहा है। महाराज सुहेलदेव सेवा समिति के तत्वावधान में होने वाले इस विजयोत्सव का शुभारंभ शनिवार को कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा मौनी बाबा आश्रम से प्रारंभ होगी जो चित्तौरा झील के तट पर जाकर समाप्त होगी। इस विजयोत्सव के निमित्त चित्तौरा झील का तट सज रहा है। विशाल यज्ञ मण्डप तथा पंडाल का निर्माण कार्य पूर्ण होने की ओर अग्रसर है।
उल्लेखनीय है कि नौ मई से ही चित्तौरा झील के तट पर दरगाह शरीफ के मेले का पड़ाव भी शुरू हो जाएगा। दरगाह शरीफ आने वाले जायरीन चित्तौरा झील में स्नान करने के बाद ही दरगाह शरीफ की ओर रवाना होते हैं। विजयोत्सव का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य अखिल कुमार करेंगे। विजयोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
ज्ञातव्य है कि चित्तौरा झील के तट पर ही महाराज सुहेलदेव का विशाल स्मारक और मंदिर स्थित है। उनके अनुयायी यहां न केवल उनकी प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाते हैं बल्कि उनकी पूजा भी करते हैं। मंदिर के समीप ही पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। 18 मई तक चलने वाले इस कार्यक्रम में दस मई से श्रीराम महायज्ञ प्रात: सात बजे से प्रारंभ होगा। उसी दिन दोपहर तीन बजे से संगीतमय श्रीराम कथा वृन्दावन के अनिल शास्त्री द्वारा की जाएगी। सायंकाल आठ बजे से वृन्दावन की रासलीला भी होगी।
इसी स्थान पर 12 मई को धार्मिक एवं राष्ट्रीय गीत प्रतियोगिता, दोपहर 2 बजे से तथा 17 मई को धर्म रक्षा सम्मेलन एवं पुरस्कार वितरण आयोजित किया जाएगा। सेवा समिति ने नगरवासियों को इस विजयोत्सव में शामिल होने के लिए नि:शुल्क बस की व्यवस्था भी करायी है।





0 टिप्पणियाँ:

Related Posts with Thumbnails

Blog Archive

  © Blogger templates The Professional Template by Ourblogtemplates.com 2008

Back to TOP