‘भारत ही होगा दुनिया में सिरमौर’- कु.सी. सुदर्शन

कोटा. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक कु.सी. सुदर्शन की शाखा में मंगलवार सुबह पूर्व मंत्री, विधायक, सांसद और महापौर सहित कई नेताओं ने शिरकत की। सुबह सात बजे से ही वल्लभबाड़ी स्थित संघ कार्यालय सूरज भवन में नेताओं और स्वयंसेवकों का पहुंचना शुरू हो गया था और तय समय सवा 7 बजे तक सभी नेता और भाजपा के पदाधिकारी परिसर में आकर कतारबद्ध बैठ गए।

उसके बाद ध्वजारोहण किया गया और सर संघचालक कुपहल्ली सीतारमैया सुदर्शन ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि संघ वर्तमान में देश का सबसे बड़ा संगठन है। संगठन पर तीन बार प्रतिबंध भी लग चुका है, लेकिन स्वयंसेवकों की विषम परिस्थितियों में काम करने की क्षमता और संघर्ष के चलते सरकारों को प्रतिबंध का निर्णय वापस लेने पड़े। 81 वर्ष के संगठन कार्यकाल में यह पांचवी पीढ़ी काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका स्वयं आर्थिक संकट के लिए जिम्मेदार है और वह अन्य देशों पर उसका थोपने में लगा हुआ है। अब आने वाला समय हिन्दुस्तान का है। देश में आतंक, अलगाववाद और आर्थिक संकट आने के बाद भी भारत की पद्धति व संस्कृति के कारण कुछ नहीं बिगड़ा है। अब 2011 से 2020 तक का समय भारत का है। इसका दुनिया को अनुसरण करना होगा। उन्होंने कहा कि स्वयं सेवकों को किसी भी स्थिति में घबराने की जरुरत नहीं है। अब समय पूरी तरह से भारत का आने वाला है। मंच पर प्रभाष तैलंग और ताराचंद गोयल उपस्थित थे।

..ताकि सुधरे छवि

सुदर्शन की शाखा में पूर्ण गणवेश में पहुंचे विधायक ओम बिरला और भवानी सिंह राजावत की मौजूदगी से कई पदाधिकारी भी चकित थे। गौरतलब है कि संघ विरोधी नीतियों के कारण स्वयंसेवकों ने हाल में हुई विधानसभा चुनाव में दोनों का खुला विरोध किया था। माना जा रहा है कि संघ से अपने रिश्ते सुधारने के लिए दोनों ने यह अवसर चुना था।

ये भी हुए शामिल

शाखा में सांसद रघुवीरसिंह कौशल, पूर्व मंत्री वासुदेव देवनानी, हरिकुमार औदिच्य, महापौर मोहनलाल महावर, पूर्व महापौर ईश्वरलाल साहू, उपमहापौर रवींद्रसिंह निर्भय, हरिकृष्ण जोशी सहित कई नेता और पदाधिकारी मौजूद थे।

साभार - दैनिक भास्कर

0 टिप्पणियाँ:

Related Posts with Thumbnails

Blog Archive

  © Blogger templates The Professional Template by Ourblogtemplates.com 2008

Back to TOP