वाजपेयी को चुनावी पचड़े में न घसीटें


वाराणसी। भाजपा के चिंतक रहे केएन गोविंदाचार्य ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को चुनावी पचडे़ में नहीं घसीटा जाना चाहिए। भारतीय जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय महासम्मेलन में भाग लेने आए गोविंदाचार्य ने सोमवार को पत्रकारों से कहा कि चुनाव के पचडे़ में अटल जी को घसीटना उनके साथ अन्याय है। देश के लिए अटल जी का योगदान बहुत ही अच्छा है। गोविंदाचार्य ने कहा कि भाजपा का केवल सत्ता प्राप्त करना ही लक्ष्य रह गया है। पार्टी में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं का टकराव हो रहा है। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव व भाजपा उपाध्यक्ष कल्याण सिंह की कल हुई मुलाकात के सवाल पर उन्होंने कहा कि मूल्यों व आदर्शो की राजनीति के बजाय कल्याण सिंह को सत्ता की राजनीति में ज्यादा रुचि दिखाई दे रही है।
पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत के अगले लोकसभा के चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ना न लडना उनका अपना निर्णय है, हम इस पर टिप्पणी नहीं करेंगे।
गोविन्दाचार्य ने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और वामदल सभी एक जैसे हैं और भाजपा इसका अपवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बाद भाजपा से लोगों को बहुत उम्मीदे थी लेकिन वह भी खरी नहीं उतरी। सभी दलों ने मूल्यों की बजाय सत्ता की राजनीति की।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा डा. मुरली मनोहर जोशी को लोकसभा के चुनाव में सहयोग दिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि संघ केवल व्यक्ति निर्माण में लगा है किसी को उठाने व गिराने में वह रुचि नहीं रखता। संघ अपने काम में व्यस्त है।

साभार - दैनिक जागरण

0 टिप्पणियाँ:

Related Posts with Thumbnails

Blog Archive

  © Blogger templates The Professional Template by Ourblogtemplates.com 2008

Back to TOP